
जयपुर | भीलवाड़ा लाइव अपडेट
राजस्थान की राजधानी जयपुर में नूडल्स खाने के बाद सात वर्षीय मासूम बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। वहीं, उसकी 18 वर्षीय बड़ी बहन की तबीयत भी बिगड़ गई। घटना झोटवाड़ा क्षेत्र के कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी की है। प्रारंभिक जांच में पुलिस फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रही है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है।
सुबह तैयार किए नूडल्स, दोपहर में खाए
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मृतका पीहू कुमावत के परिवार के बच्चे गुरुवार सुबह पास की दुकान से 60 रुपये का नूडल्स पैकेट खरीदकर लाए थे। सुबह करीब 10 बजे 14 वर्षीय भाई समर ने पैकेट का आधा हिस्सा तैयार करके खाया और बाकी नूडल्स गैस पर छोड़ दिए।
इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे 18 वर्षीय दिव्यांशी और सात वर्षीय पीहू ने बचे हुए नूडल्स खाए और सो गईं। शाम को जब मां घर पहुंचीं और दोनों को जगाया तो बड़ी बहन दिव्यांशी को उल्टियां होने लगीं, जबकि पीहू नहीं उठी।
अस्पताल पहुंचने पर पीहू को मृत घोषित किया
परिजन दोनों बहनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सात वर्षीय पीहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बड़ी बहन दिव्यांशी को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने नूडल्स के सैंपल जांच के लिए भेजे
घटना की सूचना मिलने पर करधनी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। थानाधिकारी सवाई सिंह के अनुसार, प्रारंभिक परिस्थितियों में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने नूडल्स के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। बच्ची के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



