16 पंचायत समितियों के 288 सदस्य पदों और जिला परिषद के 45 वार्डों के लिए काउंटिंग जारी, 9.07 लाख से अधिक मतदाताओं ने किया मतदान
भीलवाड़ा। पंचायत राज आम चुनाव 2026 के तहत भीलवाड़ा जिले में पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य पदों के लिए मतगणना शुक्रवार सुबह ठीक 8 बजे शुरू हो गई। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती शुरू की गई। इसके बाद ईवीएम मशीनों के जरिए मतों की गणना की जाएगी। मतगणना को लेकर प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिले की 16 पंचायत समितियों के 288 पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए कुल 783 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 363 पुरुष और 420 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। वहीं, जिला परिषद के कुल 45 वार्डों में सदस्य पद के लिए 111 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला भी मतगणना के साथ होगा।
9,07,087 मतदाताओं ने किया मतदान
जिले में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए दो चरणों में मतदान हुआ था। प्रथम चरण में 5,63,609 और दूसरे चरण में 3,43,478 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार दोनों चरणों में कुल 9,07,087 मतदाताओं ने मतदान किया।
मतगणना केंद्रों पर सुबह से हलचल
मतगणना शुरू होने से पहले ही केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों और पोलिंग एजेंटों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। सुबह 7 बजे जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोलिंग एजेंटों को प्रवेश दिया गया। काउंटिंग सेंटर के बाहर मेले जैसा माहौल नजर आया। सुरक्षा जांच के बाद ही अधिकृत लोगों को अंदर जाने की अनुमति दी गई।
डाक मतपत्रों की गिनती के लिए काउंटिंग रूम में व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई थीं और एजेंट भी निर्धारित स्थानों पर पहुंच गए थे। इसके साथ ही सभी 16 पंचायत समितियों की ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम से निकालकर मतगणना की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
अब सभी की नजरें मतगणना के रुझानों और परिणामों पर टिकी हैं। जैसे-जैसे मतों की गिनती आगे बढ़ेगी, पंचायत समिति और जिला परिषद के नए जनप्रतिनिधियों की तस्वीर साफ होती जाएगी।
रिपोर्ट: महेंद्र कुमार सोनी | भीलवाड़ा लाइव अपडेट


