📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

, ,

प्राची मेहता जैन को न्याय दिलाने सड़कों पर उतरा भीलवाड़ा, विशाल श्रद्धांजलि एवं न्याय यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

WhatsAppFacebookXTelegram

भीलवाड़ा। 17 वर्षीय प्राची मेहता जैन की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर शुक्रवार को भीलवाड़ा में विशाल श्रद्धांजलि एवं न्याय यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए। शहरवासियों ने एकजुट होकर प्राची को श्रद्धांजलि दी और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

न्याय यात्रा सूचना केंद्र चौराहे से शुरू हुई। यहां से महात्मा गांधी सर्किल, गोल प्याऊ चौराहा और बालाजी मार्केट होते हुए यात्रा वापस सूचना केंद्र पहुंची। यात्रा के दौरान लोगों ने प्राची को न्याय दिलाने और चिकित्सा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।

इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी थी तबीयत, उपचार के दौरान हुई मौत

गौरतलब है कि प्राची मेहता जैन की 13 नवंबर को उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि 11 नवंबर को भीलवाड़ा के सुभाष नगर स्थित लव-कुश मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगाए जाने के बाद प्राची की तबीयत बिगड़ गई थी। मामले में पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था और दुकान को सील किया गया था।

चार प्रमुख मांगों को लेकर उठाई आवाज

यात्रा के समापन पर नागरिकों ने प्रशासन के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें प्राची की मौत की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच, संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक की चिकित्सकीय योग्यता और इंजेक्शन लगाने की परिस्थितियों की जांच, दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई तथा अवैध एवं अनधिकृत चिकित्सा गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग शामिल रही।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार की पीड़ा तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था की जवाबदेही से भी जुड़ा है। इसलिए जांच में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से पड़ताल की जानी चाहिए।

न्याय यात्रा में महिलाओं, माताओं, बहनों और युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। उपस्थित नागरिकों ने संकल्प जताया कि प्राची को न्याय मिलने तक शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा। अंत में प्राची को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर न्याय की मांग दोहराई गई।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: