भीलवाड़ा। बदनौर थाना क्षेत्र में पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि घर के बाहर खेल रही बच्ची को एक युवक बहला-फुसलाकर पहाड़ी क्षेत्र में ले गया और उसके साथ दरिंदगी की। बच्ची की तलाश में पहुंची मां को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खेलते समय बच्ची को बहलाकर ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार घटना 17 नवंबर को शाम करीब चार बजे की है। पांच वर्षीय बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान डूंगाराम बलाई (28) उसे बहला-फुसलाकर घर से दूर पहाड़ी इलाके में नदी के पास एक पेड़ के नीचे ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
बेटी की तलाश में निकली मां तो सामने आया घटनाक्रम
शाम को बच्ची घर के बाहर दिखाई नहीं दी तो मां ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान कुछ लोगों ने मां को बताया कि डूंगाराम बच्ची को पहाड़ी क्षेत्र की तरफ ले जाते हुए दिखाई दिया था। सूचना मिलते ही मां उस दिशा में पहुंची। मां को देखकर आरोपी मौके से भाग गया। वहां बच्ची को घायल अवस्था में देखकर मां घबरा गई और उसे संभाला।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद पीड़िता की मां ने बदनौर थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच मसूदा डीएसपी शिवराज सिंह को सौंपी गई। डीएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मोबाइल फोरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण करवाने के साथ उपचार की व्यवस्था की। मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी डूंगाराम बलाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।


