
भीलवाड़ा। अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ सदर थाना पुलिस ने सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बजरी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान एक चालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे मामले में चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सहाय ने बताया कि 23 नवंबर को पुलिस टीम अवैध बजरी परिवहन की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 1:10 बजे जोधड़ास चौराहे से गोविंदपुरा पालड़ी जाने वाले रास्ते पर पुलिया के पास बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखाई दी। पुलिस वाहन को देखकर चालक ट्रैक्टर को कच्चे रास्ते पर ले गया और आगे वाहन छोड़कर नदी के पेटे व खेतों के रास्ते फरार हो गया। ट्रॉली में करीब 4 टन बजरी भरी हुई थी। पुलिस ने काफी तलाश की, लेकिन चालक और वाहन मालिक का पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर मामला दर्ज किया। इसकी जांच हेड कांस्टेबल मनोज कुमारी को सौंपी गई है।
दूसरी कार्रवाई में चालक गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में एएसआई फूलचंद मीणा पुलिस जाब्ते के साथ गश्त कर रहे थे। दोपहर करीब 12:45 बजे जोधड़ास चौराहे से गोविंदपुरा जाने वाली नई पुलिया के पास बजरी से भरे ट्रैक्टर को रुकवाया गया। चालक ने पूछताछ में अपना नाम राहुल भील (23) निवासी भीलों का बांस, हाजीवास, थाना शंभूगढ़ बताया।
पुलिस के अनुसार, चालक बजरी परिवहन से संबंधित वैध परमिट, लाइसेंस या रवन्ना पेश नहीं कर सका। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 4 टन बजरी भरी हुई थी। पुलिस ने वाहन जब्त कर राहुल भील को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों मामलों में बीएनएस और एमएमडीआर एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किए गए हैं। एक मामले का अनुसंधान हेड कांस्टेबल मनोज कुमारी तथा दूसरे मामले का अनुसंधान एएसआई मोहम्मद हुसैन को सौंपा गया है।



