
पति-पत्नी के विवाद में समझौते और मेंटेनेंस राशि को लेकर होनी थी पेशी; साले पर हमले का आरोप, पुलिस ने धारा 151 में किया गिरफ्तार
कोटा। पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को लेकर सोमवार को कोर्ट में पेशी पर पहुंचे एक व्यक्ति पर उसके साले ने कथित तौर पर पेचकस से हमला कर दिया। आरोपी ने जीजा के सिर पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। कोर्ट परिसर में अचानक हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद वकीलों ने बीच-बचाव कर घायल को बचाया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, अमित और उसकी पत्नी के बीच वर्ष 2018 से विवाद चल रहा है। सोमवार को दोनों पक्षों के बीच समझौते और मेंटेनेंस राशि को लेकर कोर्ट में तारीख थी। अमित अपने पिता ईश्वरलाल आर्य के साथ न्यायालय पहुंचा था।
समझौते के लिए 4 लाख रुपए लेकर पहुंचे थे
अमित के पिता ईश्वरलाल आर्य के अनुसार, वे विवाद का निपटारा करने और बहू को मेंटेनेंस राशि देने के लिए 4 लाख रुपए लेकर कोर्ट आए थे। इसी दौरान बहू के माता-पिता और उसके दोनों भाई भी वहां पहुंच गए। पिता का आरोप है कि इसी दौरान अमित के साथ मारपीट शुरू कर दी गई और साले संदीप ने पेचकस से उसके सिर पर वार कर दिया।
ईश्वरलाल आर्य ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके बेटे के पास मौजूद रुपए छीनने का प्रयास किया। घटना के दौरान कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों ने हस्तक्षेप कर अमित को आरोपियों से बचाया।
वकीलों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस चौकी पहुंचाया
घटना के बाद मौके पर मौजूद वकीलों ने आरोपी को पकड़कर कलेक्टर चौकी पहुंचाया। सूचना मिलने पर नयापुरा थाना पुलिस भी कोर्ट परिसर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, एसआई रविंद्र सिंह आरोपी को थाने लेकर गए। पूछताछ में आरोपी ने अपने जीजा पर बहन की जिंदगी खराब करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी संदीप को शांतिभंग की आशंका के चलते भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत धारा 151 में गिरफ्तार किया है।
फिलहाल घायल अमित का अस्पताल में उपचार जारी है। मामले में दोनों पक्षों के आरोपों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।



