
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने एमजी अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम; पुलिस और एम्बुलेंस पहुंचने में देरी, घायल को निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल
भीलवाड़ा। जिले के पारोली थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। कोटड़ी रोड पर दांतड़ा से कोठाज के बीच अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस और एम्बुलेंस के मौके पर पहुंचने में देरी होने की बात सामने आई। ऐसे में गंभीर घायल रामपाल गुर्जर को एम्बुलेंस के बजाय निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल (एमजीएच) में रात करीब 2 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से फलासेड़ गांव में शोक की लहर छा गई।
पारोली थाना प्रभारी कमलेश कुमार मीणा के अनुसार, फलासेड़ निवासी कान्हा उर्फ कन्हैयालाल गुर्जर (20) पुत्र उदयलाल गुर्जर रविवार रात अपने साथी रामपाल गुर्जर (22) पुत्र भागचंद गुर्जर के साथ बाइक से फलासेड़ से कोटड़ी की ओर जा रहा था। इसी दौरान दांतड़ा से कोठाज के बीच कोटड़ी रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में कन्हैयालाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रामपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पुलिस और एम्बुलेंस के पहुंचने में देरी के चलते घायल रामपाल को निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे भीलवाड़ा के एमजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां रविवार रात करीब 2 बजे उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मार्बल खान में मजदूरी करता था रामपाल, खेती से जुड़ा था कन्हैयालाल
हादसे में जान गंवाने वाला रामपाल गुर्जर मार्बल की खान में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में दो बेटे और एक बड़ा भाई है। वहीं, कन्हैयालाल गुर्जर खेती-बाड़ी का काम करता था। उसके परिवार में एक छोटा भाई है। कन्हैयालाल की शादी कोठाज गांव में हुई थी और उसके कोई संतान नहीं थी।
दोनों युवकों की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जवान बेटों को खोने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फलासेड़ गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कोटड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए थे। सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।



