📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

,

भीलवाड़ा में सड़क हादसों पर लगाम लगाने की तैयारी, 137 दुर्घटना संभावित स्थलों का होगा सुधार

WhatsAppFacebookXTelegram

जिले के 23 हाईवे और 9 शहरी ब्लैक स्पॉट पर स्थायी सुधार के निर्देश, दुर्घटना रोकने के लिए विभागों की संयुक्त टीम करेगी निरीक्षण

भीलवाड़ा। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और हादसों में होने वाली मौतों को रोकने के लिए प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर कवायद तेज कर दी है। सोमवार को जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें जिले के 137 दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधार कार्य कराने और ब्लैक स्पॉट को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के प्रभारी अधिकारी नियुक्त कर संयुक्त निरीक्षण कराने, दुर्घटना संभावित स्थलों की स्थिति का आकलन करने और सुधार कार्यों की कार्ययोजना तैयार कर 15 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

जिले के राष्ट्रीय राजमार्गों पर चिह्नित 23 ब्लैक स्पॉट और शहरी क्षेत्र के 9 ब्लैक स्पॉट पर स्थायी सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही 137 दुर्घटना संभावित स्थलों पर बैनर और पोस्टर के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। सेव लाइफ फाउंडेशन की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर दुर्घटना स्थलों पर आवश्यक तकनीकी और भौतिक सुधार भी कराए जाएंगे।

बैठक में सेव लाइफ फाउंडेशन नई दिल्ली के सदस्य गौतम पठारे ने जिले में संचालित किए जाने वाले ‘जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम’ के तहत कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। इसमें सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के लिए विभिन्न विभागों की भूमिका और जरूरी कदमों की जानकारी दी गई।

कलेक्टर ने पीएम राहत योजना और गुड सेमेरिटन योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए, ताकि दुर्घटना के समय घायलों को तत्काल सहायता मिल सके। उन्होंने ई-डार पोर्टल पर दुर्घटनाओं से जुड़े आंकड़ों को नियमित अपडेट करने, मार्गदर्शक पोर्टल पर सही जानकारी दर्ज करने तथा सर्विस रोड से मुख्य सड़क पर आने वाले वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा।

इसके अलावा सड़क सुरक्षा मित्र योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों का पंजीयन कराने और सड़क सुरक्षा गतिविधियों के लिए विभागवार कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य चिह्नित दुर्घटना स्थलों पर समयबद्ध सुधार कर सड़क हादसों और उनमें होने वाली जनहानि को कम करना है।

रिपोर्ट: महेंद्र कुमार सोनी | भीलवाड़ा लाइव अपडेट

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: