
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में 14-14 सीटों पर भाजपा-कांग्रेस बराबर, RLP की एक सीट बनी सत्ता की चाबी; विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के खिलाफ की नारेबाजी
चित्तौड़गढ़। पंचायत समिति के बोर्ड गठन से पहले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) की निर्वाचित सदस्य शंकरी बाई को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। सोमवार को RLP पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर शंकरी बाई को वापस लाने और उन्हें ही पंचायत समिति का प्रधान बनाने की मांग की। प्रदर्शन में मेवाड़ के विभिन्न जिलों से पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के खिलाफ भी विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि शंकरी बाई RLP के टिकट पर चुनाव जीतकर आई हैं, इसलिए पंचायत समिति में पार्टी की भूमिका और समर्थन को लेकर अंतिम निर्णय संगठन ही करेगा। किसी भी राजनीतिक दल को पार्टी की सहमति के बिना समर्थन देने का फैसला स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रभारी बद्रीलाल जाट ने लगाए दबाव में बयान देने के आरोप
RLP प्रभारी बद्रीलाल जाट ने शंकरी बाई के हालिया बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह पढ़ी-लिखी नहीं हैं, ऐसे में एक घंटे में विकास कार्यों को कैसे समझ सकती हैं। उन्होंने कहा कि जब भाजपा ने साथ नहीं दिया था, तब RLP ने उनका समर्थन किया था। अब यदि वह कह रही हैं कि फैसला उनकी अपनी मर्जी से हुआ है तो यह पूरी तरह गलत है। प्रभारी ने आरोप लगाया कि शंकरी बाई ने धनबल के दबाव में आकर इस तरह का बयान दिया है।
वहीं, RLP जिला सह प्रभारी हर्षल पियाल ने कहा कि पंचायत समिति में पार्टी की क्या भूमिका रहेगी, इसका निर्णय केवल संगठन करेगा। किसी सदस्य की ओर से व्यक्तिगत स्तर पर समर्थन देने का फैसला पार्टी स्वीकार नहीं करेगी।
शंकरी बाई को प्रधान बनाने की मांग
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में शंकरी बाई को ही पंचायत समिति का प्रधान बनाया जाना चाहिए। नेताओं ने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक शंकरी बाई को वापस नहीं लाया जाता, तब तक विरोध जारी रहेगा। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बताते हुए राजनीतिक दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया।
एक दिन पहले जबरन ले जाने के लगाए थे आरोप, शंकरी बाई ने वीडियो जारी कर किया इनकार
इस विवाद की शुरुआत एक दिन पहले हुई थी, जब RLP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या शंकरी बाई को जबरदस्ती अपने साथ ले गए हैं। पार्टी नेताओं ने इसे पंचायत समिति के बोर्ड गठन को प्रभावित करने की कोशिश बताया था।
हालांकि, इसके कुछ समय बाद शंकरी बाई का वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने अपने साथ किसी तरह की जबरदस्ती होने से इनकार किया। उन्होंने इस संबंध में लगाए जा रहे आरोपों को अफवाह बताया। इस तरह पूरे मामले में पार्टी नेताओं और निर्वाचित सदस्य के दावे अलग-अलग सामने आए हैं।
14-14 सीटों पर भाजपा-कांग्रेस बराबर, RLP की एक सीट निर्णायक
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की कुल 29 सीटों में भाजपा और कांग्रेस ने 14-14 सीटें हासिल की हैं, जबकि RLP की शंकरी बाई एकमात्र सीट पर विजयी हुई हैं। ऐसे में बोर्ड गठन के लिए उनका समर्थन निर्णायक माना जा रहा है। दोनों प्रमुख दलों के बीच बराबरी का मुकाबला होने के कारण RLP की एक सीट का राजनीतिक महत्व काफी बढ़ गया है।
फिलहाल शंकरी बाई को लेकर जारी विवाद ने पंचायत समिति के बोर्ड गठन को लेकर सियासी माहौल गरमा दिया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रधान पद के चुनाव में शंकरी बाई और RLP की क्या भूमिका रहती है तथा पंचायत समिति की सत्ता किस दल के हाथ में जाती है।
भीलवाड़ा लाइव अपडेट



