
भाजपा से कैलाश चंद्र सुथार और कांग्रेस से केसर कंवर रेडवास मैदान में, दोनों अपने-अपने वार्डों से जीतकर पहुंचे पंचायत समिति
कोटड़ी | भीलवाड़ा लाइव अपडेट
कोटड़ी पंचायत समिति में उप प्रधान पद के चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला रोचक हो गया है। भाजपा की ओर से 46 वर्षीय कैलाश चंद्र सुथार तथा कांग्रेस की ओर से 48 वर्षीय केसर कंवर रेडवास ने उप प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। दोनों प्रत्याशी पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में अपने-अपने वार्डों से जीत दर्ज कर चुके हैं।
भाजपा प्रत्याशी कैलाश चंद्र सुथार
भाजपा प्रत्याशी कैलाश चंद्र सुथार वार्ड नंबर 19 से पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 68 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। सुथार बीए, एलएलबी शिक्षित हैं और पूर्व में पंचायत समिति उप प्रधान का कार्यकाल भी संभाल चुके हैं।
उनका राजनीतिक अनुभव लंबा रहा है। वर्ष 2010 में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित होने के साथ उन्होंने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई। इसके बाद वर्ष 2015 से 2020 तक कंकरोलिया घाटी के सरपंच रहे। वे कंकरोलिया घाटी सहकारी समिति के निदेशक भी रह चुके हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी केसर कंवर रेडवास
कांग्रेस प्रत्याशी केसर कंवर रेडवास वार्ड नंबर 12 की निवासी हैं। उन्होंने पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में 157 वोटों से जीत दर्ज की थी। उनके पति धीरज सिंह रेडवास भी वर्ष 2015 से 2020 तक सरपंच रह चुके हैं।
दोनों प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल होने के बाद कोटड़ी पंचायत समिति में उप प्रधान पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अब चुनाव में पंचायत समिति सदस्यों के मतों से उप प्रधान का फैसला होगा।



