📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

,

नए शोरूम खुलने की खुशी में सांवरा सेठ को चढ़ाए 7 लाख के चांदी के दो मॉडल

WhatsAppFacebookXTelegram
Screenshot

वाराणसी और रायपुर में खुलेंगे नए शोरूम, कारोबार में हर नई शुरुआत पर चांदी की प्रतिकृति भेंट करने की अनूठी परंपरा

चित्तौड़गढ़ (मेवाड़)। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री सांवलियाजी मंदिर में दिल्ली के ज्वेलरी कारोबारी परिवार ने अपनी अनूठी आस्था का परिचय देते हुए भगवान सांवरा सेठ को चांदी से बने दो चार मंजिला शोरूम के मॉडल भेंट किए हैं। ‘गिरी जेवर महल’ से जुड़े इस परिवार ने वाराणसी और रायपुर में नए शोरूम शुरू होने की खुशी में यह भेंट अर्पित की। चांदी के इन मॉडलों की बारीक कारीगरी और आकर्षक बनावट श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

3.370 किलो चांदी से तैयार किए मॉडल

भगवान सांवरा सेठ को अर्पित किए गए दोनों मॉडलों का कुल वजन 3.370 किलोग्राम है। राजस्थान सर्राफा संघ के प्रदेश महामंत्री किशन पिछोलिया के अनुसार, मौजूदा बाजार भाव के आधार पर इनकी कुल कीमत करीब 7 लाख 7 हजार 700 रुपए है। चार मंजिला शोरूम की तर्ज पर तैयार किए गए इन मॉडलों में बारीक कारीगरी के साथ भवन की बनावट को भी दर्शाया गया है।

वाराणसी और रायपुर में खुलेंगे नए शोरूम

चांदी के दोनों मॉडलों पर नए शोरूम के नाम अंकित हैं। पहला मॉडल उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित महमूरगंज क्षेत्र में तैयार हुए ‘गिरी जेवर महल काशी’ शोरूम का है, जिसका उद्घाटन 26 अक्टूबर को होगा। वहीं, दूसरा मॉडल छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुरू होने जा रहे ‘गिरी जेवर अरिहंत’ शोरूम का है, जिसका उद्घाटन 1 नवंबर को प्रस्तावित है।

कारोबारी परिवार ने नए शोरूम की शुरुआत के शुभ अवसर पर भगवान सांवरा सेठ के दरबार में ये मॉडल अर्पित किए।

कारोबार की हर नई शुरुआत पर निभाते हैं परंपरा

मंदिर के प्रशासनिक अधिकारी (प्रथम) राहुल धाकड़ ने बताया कि ‘गिरी जेवर महल’ से जुड़ा कारोबारी परिवार लंबे समय से भगवान सांवरा सेठ का भक्त है और नियमित रूप से दर्शन करने आता है। परिवार की परंपरा है कि देश में कहीं भी नया शोरूम खुलने या कारोबार में नई शुरुआत होने पर संबंधित भवन की चांदी की प्रतिकृति बनवाकर भगवान के चरणों में अर्पित की जाती है।

परिवार कई वर्षों से इस परंपरा का निर्वहन कर रहा है। कारोबार की सफलता और नई शुरुआत को भगवान के प्रति आस्था से जोड़ने वाली यह अनूठी भेंट एक बार फिर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी है।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: