📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

नेहरू विहार में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; चांदी के जेवर और बाइक बरामद

WhatsAppFacebookXTelegram

भीलवाड़ा। शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र की नेहरू विहार कॉलोनी में सूने मकान के ताले तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए चांदी के कुछ जेवर बरामद किए गए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस अब तीसरे आरोपी अनवर उर्फ तौफिक की तलाश कर रही है।

रक्षाबंधन पर सूने मकान को बनाया निशाना

भीमगंज थाने के सहायक उप निरीक्षक सत्यनारायण राव के अनुसार, नेहरू विहार निवासी नारायण बलाई और उनका भाई मुकेश रक्षाबंधन के अवसर पर श्रीनगर (बेगूं) गए हुए थे। इस दौरान घर सूना होने का फायदा उठाकर चोर मकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे और करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद सहित सोने-चांदी के आभूषण चुरा ले गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

दो आरोपी गिरफ्तार, चांदी के जेवर बरामद

थानाप्रभारी सुनील चौधरी के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने फरमान (23) पुत्र प्यार खान पठान और इरफान (21) पुत्र शरीफ मोहम्मद पठान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की।

जांच अधिकारी के मुताबिक, आरोपी फरमान की निशानदेही पर चांदी की लॉकेट लगी एक चेन, चांदी की पायल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

तीसरे आरोपी की तलाश जारी

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपने तीसरे साथी अनवर उर्फ तौफिक के शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद चोरी के शेष आभूषण और नकदी की बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: