
खिड़की की जाली तोड़कर मकान में घुसे चोर, लोहे की पेटी तोड़कर ले गए जेवरात; लगातार वारदातों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश
गुलाबपुरा | भीलवाड़ा लाइव अपडेट
भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र की ईरांस ग्राम पंचायत में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों ने दो दिन में दूसरी बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए बीती रात अमित धोबी पुत्र रामनिवास धोबी के मकान को निशाना बनाया। चोर खिड़की की जाली तोड़कर घर में घुसे और लोहे की पेटी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात व 60 हजार रुपए नकद चुरा ले गए। घटना की सूचना गुलाबपुरा थाना पुलिस को दी गई है।
जाली तोड़कर कमरे में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, अमित धोबी बीती रात परिवार के साथ गांव से बाहर गए हुए थे, जबकि उनका बेटा कालू घर में सो रहा था। देर रात चोर खिड़की की जाली तोड़कर कमरे में घुसे और औजार की मदद से वहां रखी लोहे की पेटी तोड़ दी। इसके बाद पेटी में रखे जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
सुबह कालू दरवाजा खोलने के लिए उठा तो खिड़की की जाली और लोहे की पेटी टूटी हुई मिली। इसके बाद चोरी की वारदात का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस को घटना से अवगत कराया गया।
करीब 6 तोला सोना और 850 ग्राम चांदी चोरी
पीड़ित के अनुसार, चोर मकान से सोने के 12 बड़े मुनिये, एक तोला वजनी लॉकेट, एक तोला वजनी कानों की झुमरिया, आधा तोला सोने के टॉप्स, आधा तोला वजनी मादलिया, एक तोला सोने का रामनामी मादलिया और सोने की हाथ की बीटी सहित अन्य आभूषण ले गए।
इसके अलावा चोर चांदी की दो जोड़ी पायजेब, करीब 400 ग्राम चांदी, 250 ग्राम वजनी करगती और 60 हजार रुपए नकद भी चुरा ले गए। पीड़ित के मुताबिक, चोरी हुए सामान में करीब 6 तोला सोना और 850 ग्राम चांदी शामिल है।
दो दिन पहले नारायण जाट के मकान में हुई थी चोरी
गौरतलब है कि ईरांस गांव में दो दिन पहले भी नारायण जाट के सूने मकान में चोरी की वारदात हुई थी। उस दौरान चोर करीब 10 तोला सोना और 2 किलो चांदी के आभूषण चुरा ले गए थे। लगातार दूसरी बड़ी चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी है।
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। साथ ही दोनों वारदातों का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग भी उठाई है।


