
भीलवाड़ा | भीलवाड़ा लाइव अपडेट
भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र के पांसल ग्राम पंचायत में जले और फटे बैलेट पेपर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। वीडियो पोस्ट करने वाले युवक नारायण गाडरी ने आरोप लगाया कि बुधवार देर रात पुलिसकर्मियों ने उसके घर पहुंचकर उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आई उसकी मां के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। तबीयत बिगड़ने पर महिला को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मतदान केंद्र के पीछे मिले थे जले बैलेट पेपर
पांसल ग्राम पंचायत में 24 अक्टूबर को पंच-सरपंच चुनाव के लिए मतदान हुआ था। इसके बाद बुधवार को नारायण गाडरी ने मतदान केंद्र के पीछे पड़े जले और फटे बैलेट पेपर का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। जांच में सामने आया कि ये मुख्य बैलेट पेपर के नीचे का वेस्टेज हिस्सा था, जिसे नियमानुसार नष्ट किया जाता है।

पुलिस पर मारपीट का आरोप, वीडियो आया सामने
नारायण का आरोप है कि देर रात पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचे और लाठियों से मारपीट की। उसने पुलिसकर्मियों के नशे में होने का भी आरोप लगाया। परिवार का कहना है कि बीच-बचाव के दौरान उसकी मां की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देर रात पुलिसकर्मी घर के बाहर दिखाई दे रहे हैं। परिवार ने मामले में न्याय की मांग की है।
थाना प्रभारी ने आरोपों को नकारा
पुर थाना प्रभारी कन्हैयालाल ने मारपीट के आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि पुलिस युवक से पूछताछ करने गई थी। युवक ने वीडियो वायरल कर कस्बे में अशांति फैलाने और लोगों को भड़काकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया था।
फिलहाल मामले में युवक और पुलिस के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। मारपीट के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


