सोना-चांदी, वाहन, मकान और प्लॉट खरीदने के लिए शुभ माना जाता है योग; घर-दुकानों में होगी लक्ष्मी-गणेश की पूजा, व्यापारियों के लिए नए बहीखाते शुरू करने का अवसर
भीलवाड़ा। दीपावली से पहले खरीदारी और नए कार्यों की शुरुआत के लिए रविवार, 1 नवंबर को रवि पुष्य नक्षत्र का विशेष संयोग बन रहा है। 8 नवंबर को दीपावली होने के ठीक सात दिन पहले आए इस शुभ योग को ज्योतिष शास्त्र में बेहद महत्वपूर्ण माना गया है। मान्यता है कि रवि पुष्य नक्षत्र में सोना-चांदी, आभूषण, वाहन, मकान, प्लॉट और कारोबार से जुड़ी वस्तुओं की खरीदारी करने से सुख-समृद्धि और आर्थिक लाभ प्राप्त होता है।
रविवार के दिन पुष्य नक्षत्र होने से रवि पुष्य योग बनता है। दीपावली से पहले आने वाले इस योग में बाजारों में खरीदारी की विशेष परंपरा रही है। इस अवसर पर व्यापारी नए बहीखाते शुरू करते हैं तथा घरों और प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी-गणेश का पूजन किया जाता है।
सूर्य पूजा का भी विशेष संयोग
इस बार रवि पुष्य नक्षत्र के साथ सप्तमी तिथि का संयोग भी बन रहा है। सप्तमी तिथि सूर्यदेव की पूजा के लिए विशेष मानी जाती है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार सूर्य को मान-सम्मान, प्रतिष्ठा, नेतृत्व और आत्मविश्वास का कारक माना गया है, जबकि पुष्य नक्षत्र स्थिरता, समृद्धि और शुभता का प्रतीक है। इसी कारण रवि पुष्य योग में किए गए शुभ कार्यों को विशेष फलदायी माना जाता है।
सूर्यास्त से पहले वाहन की डिलीवरी लेना बेहतर
ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के मुताबिक, इस दिन वाहन की डिलीवरी शाम को लेनी हो तो सूर्यास्त से पहले लेना बेहतर रहेगा। मकान और प्लॉट की बुकिंग के साथ नए कारोबार या कार्य की शुरुआत भी सूर्यास्त से पहले करना शुभ माना गया है। घर की जरूरत की अन्य वस्तुओं की खरीदारी भी निर्धारित शुभ मुहूर्त में की जा सकती है।
रवि पुष्य नक्षत्र पर करें ये धार्मिक कार्य
इस दिन सुबह तांबे के लोटे में जल लेकर सूर्यदेव को अर्घ्य देना चाहिए। अर्घ्य देते समय ‘ॐ सूर्याय नमः’ मंत्र का जाप करने की परंपरा है। इसके अलावा जरूरतमंदों को भोजन, वस्त्र और धन का दान किया जा सकता है। घर और दुकान में लक्ष्मी-गणेश का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना भी की जाती है।


