
भीलवाड़ा। दीपावली के त्योहार पर बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने मिलावट के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने भीलवाड़ा शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण और छापेमारी की। इस दौरान 5000 लीटर संदिग्ध रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त करने के साथ 250 किलो खराब मावे को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर गठित टीमों ने सबसे पहले भीलवाड़ा शहर में कार्रवाई की। गणेश उद्योग से 3000 लीटर तथा अजमेर रोड स्थित श्री गणेश ऑयल से 2000 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल सीज किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों से तेल के नमूने लेकर सीलबंद किए गए और जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला अजमेर भेजे गए हैं। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कासोरिया के मावा प्लांट में मिली गंदगी
ग्रामीण क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान बनेड़ा ब्लॉक के कासोरिया गांव स्थित मावा प्लांट का निरीक्षण किया गया। यहां करीब 250 किलो मावा बेहद खराब हालत में मिला। मावे से दुर्गंध आ रही थी और वह उपभोग के योग्य नहीं था। खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर ही पूरे मावे को नष्ट करवा दिया। साथ ही संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया गया।
मैदे का भी लिया नमूना
इसी अभियान के तहत भीलवाड़ा की शाम की सब्जी मंडी स्थित वार्ड नंबर 31 में श्री फूड्स का निरीक्षण कर मैदे का नमूना लिया गया। इसे भी जांच के लिए भेजा जाएगा।
सात खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभियान में शामिल
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, साक्षी जैन, विजय मेहता, नीरज मीणा, संजय वर्मा, कुलदीप चौधरी और अंकित शर्मा सहित विभागीय टीम के सदस्य मौजूद रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद त्योहार के सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सभी की नजर तेल और मैदे के नमूनों की जांच रिपोर्ट पर रहेगी, जिससे संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय होगी।


