भीलवाड़ा। महात्मा गांधी अस्पताल में सोमवार सुबह एक नवजात को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन मंगलवार दोपहर यह उम्मीद हमेशा के लिए टूट गई। अस्पताल के पालना गृह में मिला महज डेढ़ किलो वजन का बच्चा उपचार के दौरान जिंदगी की जंग हार गया। बाल कल्याण समिति ने इस मासूम को ‘सोम’ नाम दिया था।
सोमवार सुबह मातृ एवं शिशु इकाई के बाहर बने पालना गृह की घंटी बजी तो अस्पताल कर्मचारियों ने जाकर देखा। वहां कपड़ों में लिपटा एक नवजात मौजूद था। बच्चे की हालत को देखते हुए उसे बिना देरी किए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में सामने आया कि उसका जन्म निर्धारित समय से पहले हुआ था और वजन भी सामान्य नवजातों की तुलना में काफी कम था।
डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती बच्चे को सामान्य रूप से सांस दिलाना था। चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार, समय से पहले जन्म के कारण उसके फेफड़े पूरी तरह विकसित नहीं हुए थे। ठंड और सांस संबंधी परेशानी ने उसकी स्थिति को और गंभीर बना दिया।
बच्चे को एनआईसीयू में वेंटिलेटर, ऑक्सीजन और वार्मर की मदद से रखा गया। चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की टीम लगातार उपचार में जुटी रही। करीब 29 घंटे तक चले प्रयासों के बाद भी उसकी हालत नहीं संभल सकी और मंगलवार दोपहर उसने अंतिम सांस ली।
पुलिस करेगी नियमानुसार कार्रवाई
भीमगंज थाने के एएसआई जमनालाल के अनुसार, सोमवार सुबह अस्पताल के पालना गृह में नवजात मिलने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। बाल कल्याण समिति की ओर से बच्चे का नाम सोम रखा गया था। अब आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर नियमानुसार अंतिम संस्कार करवाया जाएगा।
एक सवाल छोड़ गया मासूम की विदाई
सोम की मौत के बाद यह सवाल भी सामने आया है कि आखिर किन परिस्थितियों में उसे पालना गृह में छोड़ा गया था। पालना गृह उन लोगों के लिए सुरक्षित विकल्प है, जो किसी कारण से नवजात को अपने साथ रखने में सक्षम नहीं होते। लेकिन इस घटना में एक बेहद कमजोर और समय से पहले जन्मे बच्चे को बचाने की चुनौती सामने आई। अस्पताल में तमाम चिकित्सा प्रयासों के बावजूद मासूम की जिंदगी नहीं बच सकी।


