📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

भीलवाड़ा में अब मलबे से बनेगी सड़क, 3 करोड़ रुपए की लागत से लगेगा आधुनिक प्लांट

WhatsAppFacebookXTelegram

निर्माण और पुराने भवनों को तोड़ने से निकलने वाले मलबे का होगा वैज्ञानिक निस्तारण, 24 घंटे टोल फ्री हेल्पलाइन से घर बैठे बुला सकेंगे गाड़ी; 10 साल तक एजेंसी करेगी संचालन

भीलवाड़ा। शहर में मकान निर्माण और पुराने भवनों को तोड़ने के बाद निकलने वाला मलबा अब सड़कों, खाली भूखंडों और नालों में डालकर ठिकाने लगाना आसान नहीं होगा। निर्माण एवं ध्वस्तीकरण से निकलने वाले मलबे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए भीलवाड़ा में आधुनिक प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जाएगा। यहां ईंट, पत्थर और कंक्रीट के मलबे को मशीनों से प्रोसेस कर रोड़ी और रेत जैसी उपयोगी निर्माण सामग्री में बदला जाएगा, जिसका इस्तेमाल सड़क निर्माण सहित अन्य कार्यों में हो सकेगा।

खास बात यह है कि इस प्लांट में केवल भीलवाड़ा शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के कस्बों से निकलने वाले निर्माण मलबे का भी निस्तारण किया जाएगा। इससे शहर में जगह-जगह मलबा डालने, धूल उड़ने और नालों में कचरा जमा होने जैसी समस्याओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

5 शहरों में 15 करोड़ रुपए की परियोजना

राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग की बजट घोषणा 2026-27 के तहत भीलवाड़ा सहित भिवाड़ी, भरतपुर, सीकर और पाली में निर्माण एवं ध्वस्तीकरण अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक शहर में करीब 3 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। पांचों शहरों के लिए कुल 15 करोड़ रुपए की परियोजना प्रस्तावित है।

इसमें सरकार वायबिलिटी गैप फंडिंग के तहत प्रति संयंत्र 1.65 करोड़ रुपए उपलब्ध कराएगी, जबकि शेष 1.35 करोड़ रुपए संबंधित एजेंसी को वहन करने होंगे। चयनित एजेंसी को प्लांट स्थापित करने के साथ अगले 10 वर्षों तक इसका संचालन और रखरखाव भी करना होगा।

24 घंटे हेल्पलाइन, फोन करते ही पहुंचेगी मलबा उठाने वाली गाड़ी

योजना से आम नागरिकों को भी राहत मिलेगी। मकान निर्माण या पुराने भवन को तोड़ने के बाद मलबा उठवाने के लिए लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए एजेंसी 24 घंटे टोल फ्री हेल्पलाइन शुरू करेगी। मकान मालिक, निर्माणकर्ता और आवासीय समितियां फोन पर मलबा उठाने की मांग दर्ज करा सकेंगे।

संकरी गलियों और छोटे रास्तों में मलबा उठाने के लिए हाथ ठेले, लोडिंग रिक्शा और छोटे वाहनों की व्यवस्था भी करनी होगी। वाहनों की निगरानी जीपीएस से होगी, जबकि प्लांट पर डिजिटल कांटे के जरिए मलबे के वजन का रिकॉर्ड रखा जाएगा।

मलबे से तैयार होगी रोड़ी और रेत

प्लांट में आने वाले मलबे को आधुनिक मशीनों से कुचलने और छंटाई की प्रक्रिया से गुजारा जाएगा। इसके बाद अलग-अलग आकार की रोड़ी और रेत तैयार होगी। इस सामग्री का उपयोग सड़क निर्माण में सब-बेस, खाली स्थानों के भराव और पेवर ब्लॉक बनाने में किया जा सकेगा।

इससे प्राकृतिक संसाधनों और खनन पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी। साथ ही खुले में पड़े मलबे से उड़ने वाली धूल, नालों में अवरोध और पर्यावरण प्रदूषण की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।

शहर की सफाई के लिए अहम कदम, क्रियान्वयन का इंतजार

भीलवाड़ा में लगातार बढ़ते निर्माण कार्यों के कारण मलबे का उचित निस्तारण शहरी व्यवस्था के लिए चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में यह परियोजना शहर की सफाई और पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। हालांकि, योजना की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि प्लांट कब स्थापित होता है और मलबा संग्रहण से लेकर उसके प्रसंस्करण तक की व्यवस्था कितनी प्रभावी रहती है।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: