
10 नवंबर को पेच के बालाजी मंदिर में होगा भव्य अन्नकूट महोत्सव, शाम 6 बजे महाआरती के बाद शुरू होगा प्रसादी वितरण
भीलवाड़ा। दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा के अवसर पर भीलवाड़ा शहर के प्रसिद्ध पेच के बालाजी मंदिर में भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आगामी 10 नवंबर को होने वाले इस धार्मिक आयोजन में करीब 31 हजार किलो (31 टन) महाप्रसाद तैयार किया जाएगा। विशाल स्तर पर होने वाले इस आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां शुरू हो गई हैं।
महोत्सव में भगवान हनुमान जी के समक्ष श्रीनाथजी की परंपरा के अनुसार चावल से गिरिराज स्वरूप तैयार कर भोग अर्पित किया जाएगा। इसके लिए विशेष रूप से 72 कट्टे चावल की व्यवस्था की गई है। महाप्रसाद को पारंपरिक विधि से तैयार किया जाएगा। इसके लिए गोबर और पीली मिट्टी से भट्टियां बनाई गई हैं, जिनमें लकड़ियों की आंच पर भोजन पकाया जाएगा।
इस विशाल आयोजन के लिए झालावाड़ और आसपास के क्षेत्रों से करीब 150 हलवाई और हेल्पर्स की टीम जुटेगी। वहीं, लगभग 50 सेवादार सब्जियों की कटाई सहित अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं। इतनी बड़ी मात्रा में प्रसादी तैयार करने के लिए भोजन बनाने से लेकर वितरण तक की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप दिया जा रहा है।
शाम 6 बजे होगी महाआरती, देर रात तक बंटेगी प्रसादी
अन्नकूट महोत्सव के दिन शाम 6 बजे भगवान की भव्य महाआरती की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट महाप्रसाद का वितरण शुरू होगा, जो देर रात तक जारी रहेगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और विशेष लाइटों से सजाया गया है।
श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने और आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग भी लिया जा रहा है।
पेच के बालाजी मंदिर में होने वाला यह अन्नकूट महोत्सव धार्मिक आस्था, सेवा और पारंपरिक पाक कला का अनूठा संगम होगा। 31 हजार किलो महाप्रसाद और सैकड़ों लोगों की सहभागिता के साथ यह आयोजन शहर में आकर्षण का केंद्र रहेगा।



