📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

, , ,

भीलवाड़ा में जर्जर दीवार ने ली महिला की जान, पहले दी गई थी हादसे की चेतावनी; फिर भी नहीं जागे जिम्मेदार

WhatsAppFacebookXTelegram
टूटी दीवार । इनसेट मृतक : धापू माली

भीलवाड़ा | भीलवाड़ा लाइव अपडेट

शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के निकट ग्रामीण हाट में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां लंबे समय से जर्जर हालत में खड़ी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों का आरोप है कि दीवार के झुकने और कभी भी गिरने की आशंका को लेकर पहले ही शिकायत की गई थी, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

जानकारी के अनुसार, संजय कॉलोनी निवासी धापू माली पत्नी वर्दी चंद बुधवार सुबह कचरा डालने के लिए सुभाष नगर थाने के निकट गई थीं। इसी दौरान ग्रामीण हाट की जर्जर दीवार अचानक उनके ऊपर गिर गई। महिला मलबे में दब गई। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पहले ही दी थी हादसे की चेतावनी

मृतका के देवर मथुरा माली ने बताया कि कुछ समय पहले क्षेत्रवासियों और पार्षद की ओर से दीवार के झुकने और उसके गिरने की आशंका को लेकर संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई थी। लोगों ने संभावित हादसे के प्रति आगाह भी किया था। इसके बावजूद न तो दीवार को हटाया गया और न ही किसी तरह के सुरक्षा इंतजाम किए गए।

अब जवाबदेही तय करने की उठी मांग

परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई कर दी जाती तो संभवतः इस हादसे को रोका जा सकता था। एक जर्जर दीवार को लेकर पहले से जताई गई आशंका के बावजूद कार्रवाई नहीं होना अब गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। आखिर शिकायत के बाद भी दीवार को सुरक्षित क्यों नहीं किया गया? क्या जिम्मेदार अधिकारियों ने खतरे को नजरअंदाज किया?

धापू माली की मौत के बाद क्षेत्रवासियों में भी नाराजगी है। अब लोगों की मांग है कि मामले की जांच कराई जाए और यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: