
बदनोर क्षेत्र में एनएच-158 स्थित मोठी चौराहे के पास हादसा, उपचार के दौरान कोमल पुरी ने तोड़ा दम
भीलवाड़ा। जिले के बदनोर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी समारोह से घर लौटने की तैयारी कर रहे लोगों को तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, 21 नवंबर की रात करीब 10 बजे करजालिया गांव निवासी कोमल पुरी, गीता पत्नी नैना सिंह और रवीना पुत्री श्रवण सिंह शादी का काम निपटाकर घर जाने के लिए एनएच-158 स्थित मोठी चौराहे के पास वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान गांव के किशोर सिंह पुत्र श्रवण सिंह भी अपनी मोटरसाइकिल के साथ वहां मौजूद थे।
बताया गया कि इसी दौरान बदनोर की तरफ से आई एक तेज रफ्तार कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े चारों लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में सभी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कोमल पुरी पुत्री पूनम सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। घटना के बाद मृतका के परिवार में शोक छा गया। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट: महेंद्र कुमार सोनी | भीलवाड़ा लाइव अपडेट



