पूर्व सांसद देवजी पटेल ने सड़क किनारे शव देखकर पुलिस को दी सूचना, मायरा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे पति-पत्नी
जालोर। जिले में भारतमाला एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में सरकारी शिक्षक पति-पत्नी की मौत हो गई। सांचौर-देवड़ा के बीच चौरा सरहद के पास दोनों के क्षत-विक्षत शव सड़क किनारे पड़े मिले। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों के शरीर का कमर से ऊपर का हिस्सा बुरी तरह कुचल चुका था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पूर्व सांसद देवजी पटेल की नजर शवों पर पड़ी तो उन्होंने अपना वाहन रुकवाकर पुलिस को सूचना दी।
सांचौर थानाधिकारी नाथू सिंह के अनुसार हादसा सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे का है। मृतकों की पहचान हेमागुड़ा निवासी राजूराम बिश्नोई (43) पुत्र हेमाराम बिश्नोई और उनकी पत्नी मंजू बिश्नोई (41) के रूप में हुई। दोनों की पहचान घटनास्थल के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर की गई। उनकी बाइक भी सड़क किनारे पड़ी मिली।
मायरा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे दंपती
जानकारी के अनुसार राजूराम बिश्नोई हाड़ेतर के सरकारी स्कूल में शिक्षक थे, जबकि उनकी पत्नी मंजू बिश्नोई सांकड़ स्थित महात्मा गांधी सरकारी स्कूल में वरिष्ठ अध्यापक के पद पर कार्यरत थीं। दोनों सांचौर में किराए के मकान में रहते थे। सोमवार को राजूराम की चचेरी बहन के मायरा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पति-पत्नी बाइक से अपने गांव हेमागुड़ा जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।
बड़े वाहन की टक्कर की आशंका
थानाधिकारी ने बताया कि घटनास्थल की स्थिति और दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों को देखते हुए आशंका है कि किसी बड़े वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी और उन्हें कुचलता हुआ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को सांचौर के राजकीय अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मामले की जांच की जा रही है।
एक ही परिवार के दो सदस्यों और शिक्षा जगत से जुड़े दंपती की असामयिक मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।


