📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

, , ,

चित्तौड़गढ़ में RLP का प्रदर्शन खत्म, शंकरी बाई के समर्थन को लेकर बेनीवाल-आक्या में फोन पर बातचीत

WhatsAppFacebookXTelegram

पांच सदस्यीय कमेटी ने जिला कलेक्टर और विधायक से की मुलाकात, शंकरी बाई नागौर जाकर हनुमान बेनीवाल से करेंगी चर्चा; अंतिम फैसला वहीं होगा

चित्तौड़गढ़। पंचायत समिति में भाजपा को समर्थन देने वाली RLP सदस्य शंकरी बाई को लेकर सोमवार को सियासी घमासान देखने को मिला। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के खिलाफ नारेबाजी की। दिनभर चले विवाद के बाद शाम को पार्टी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल और विधायक आक्या के बीच फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।

मामले में बेनीवाल के निर्देश पर पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गई। कमेटी ने जिला कलेक्टर डॉ. मंजू से मुलाकात कर पार्टी का पक्ष रखा। इसके बाद जिला सह प्रभारी हर्शल पियाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या से मुलाकात की। इस दौरान विधायक और बेनीवाल के बीच फोन पर बातचीत हुई।

बातचीत के बाद तय किया गया कि पंचायत समिति सदस्य शंकरी बाई सीधे नागौर जाकर हनुमान बेनीवाल से मुलाकात करेंगी। वहां पार्टी स्तर पर जो निर्णय लिया जाएगा, उसे अंतिम माना जाएगा और उसी के अनुसार आगे की रणनीति तय होगी।

बेटे ने लगाया जबरन ले जाने का आरोप

विवाद की शुरुआत RLP नेताओं की ओर से जारी उस वीडियो के बाद हुई, जिसमें विधायक चंद्रभान सिंह आक्या पर शंकरी बाई और उनके पति रतनलाल को जबरन ले जाने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद शंकरी बाई ने भी वीडियो जारी कर अपनी मर्जी से जाने की बात कही और जबरन ले जाने के आरोपों को गलत बताया।

वहीं सोमवार को उनके बेटे बबलू ने भी वीडियो जारी कर माता-पिता को जबरदस्ती ले जाने का आरोप लगाया। उसने कहा कि उनका परिवार हनुमान बेनीवाल के साथ है।

RLP नेताओं ने उठाए सवाल, धनबल के दबाव का लगाया आरोप

सोमवार सुबह बड़ी संख्या में RLP पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने शंकरी बाई को वापस लाने, पार्टी की अनुमति के बिना किसी अन्य दल को समर्थन नहीं देने और उन्हें ही प्रधान बनाने की मांग उठाई।

जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट ने कहा कि शंकरी बाई पढ़ी-लिखी नहीं हैं, ऐसे में वे एक घंटे में विकास कार्यों को कैसे समझ सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धनबल के दबाव में उनसे बयान दिलवाया गया है। वहीं सह प्रभारी हर्शल पियाल ने घटनाक्रम को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कहा कि शंकरी बाई RLP के टिकट पर चुनाव जीती हैं, इसलिए संगठन का फैसला ही मान्य होना चाहिए।

आक्या बोले- बेनीवाल से बातचीत हो गई

विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि RLP का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला था। शंकरी बाई के पति रतनलाल से भी हनुमान बेनीवाल की बातचीत हुई है। उनकी स्वयं भी बेनीवाल से चर्चा हुई है। उपप्रधान बनाने सहित आगे की राजनीतिक रणनीति को लेकर बातचीत की गई है। प्रदर्शन समाप्त करने पर भी सहमति बन गई है।

बेनीवाल की चेतावनी- सदस्य वापस नहीं आई तो जिला प्रभारी होंगे सस्पेंड

RLP सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने कहा कि धरना स्थानीय कार्यकर्ताओं ने दिया था और आगे का फैसला भी उन्हीं पर छोड़ा गया था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पार्टी की सदस्य वापस नहीं आती हैं तो जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट को पार्टी से निलंबित कर दिया जाएगा। बेनीवाल ने आरोप लगाया कि बद्रीलाल जाट ने ही पार्टी के उम्मीदवार को दूसरे पक्ष को सौंपा है।

एक सीट ने बढ़ाई राजनीतिक खींचतान

दरअसल, चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की कुल 29 सीटों में भाजपा और कांग्रेस को 14-14 सीटें मिली हैं, जबकि RLP की शंकरी बाई ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। ऐसे में उनका समर्थन प्रधान पद के चुनाव में निर्णायक हो गया है। इसी एक सीट को लेकर भाजपा, कांग्रेस और RLP के बीच राजनीतिक समीकरण और खींचतान तेज हो गई है।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: