
गिफ्ट कार्ड रिडीम कराने के नाम पर विदेशियों से ठगी का आरोप, सेंटर संचालक हरविजय सिंह फरार
जोधपुर। कमिश्नरेट स्पेशल टीम (CST) ने बासनी क्षेत्र में संचालित कथित फर्जी कॉल सेंटर पर दबिश देकर बड़े ठगी नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 28 युवकों और 6 युवतियों सहित कुल 34 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं कॉल सेंटर का संचालक हरविजय सिंह मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार CST प्रभारी मेहराज तंवर को सूचना मिली थी कि बासनी क्षेत्र की एक गली में कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है। यहां गिफ्ट कार्ड रिडीम कराने के नाम पर अमेरिका सहित अन्य विदेशी नागरिकों को कथित तौर पर ठगी का शिकार बनाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर स्पेशल टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके से 34 लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। इनमें 28 युवक और 6 युवतियां शामिल हैं।
कई राज्यों के युवक-युवतियां शामिल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कॉल सेंटर में नागालैंड, असम सहित देश के अलग-अलग राज्यों के युवक-युवतियां काम कर रहे थे। आरोप है कि यहां बैठकर विदेशी नागरिकों को फोन के जरिए गिफ्ट कार्ड रिडीम कराने का झांसा देकर ठगी की जाती थी।
कार्रवाई के दौरान सेंटर का मालिक हरविजय सिंह फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। खबर लिखे जाने तक मौके पर पुलिस की कार्रवाई जारी थी। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर कॉल सेंटर के नेटवर्क और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



