
भीलवाड़ा में आगजनी की काल्पनिक घटना को लेकर मॉक ड्रिल, रेस्क्यू टीमों के बीच तालमेल और त्वरित कार्रवाई का किया परीक्षण
भीलवाड़ा। शहर के सरस डेयरी परिसर में उस समय अफरा-तफरी जैसा माहौल नजर आया, जब अचानक आपातकालीन सायरन गूंजने लगे। पुलिस, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और एंबुलेंस की गाड़ियां सायरन बजाती हुई मौके पर पहुंचीं। हालांकि, यह कोई वास्तविक हादसा नहीं था, बल्कि संभावित आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मॉक ड्रिल थी।
राज्य सरकार एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों के तहत आयोजित इस अभ्यास में सरस डेयरी परिसर में आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। सूचना मिलते ही विभिन्न विभागों की रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया। इस दौरान आपातकालीन सूचना मिलने से लेकर घटनास्थल पर पहुंचने और राहत कार्य शुरू करने तक की पूरी प्रक्रिया का परीक्षण किया गया।
औद्योगिक परिसर को चुना, परखी गई आपातकालीन तैयारी
मॉक ड्रिल के लिए सरस डेयरी परिसर का चयन इसलिए किया गया, क्योंकि यह एक औद्योगिक गतिविधियों वाला क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत रहते हैं। ऐसे स्थानों पर आगजनी जैसी घटना होने पर जान-माल के नुकसान की आशंका अधिक रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यहां आग लगने की स्थिति का काल्पनिक दृश्य तैयार कर बचाव दलों की तैयारियों को परखा गया।
पुलिस, SDRF और चिकित्सा विभाग ने किया समन्वित अभ्यास
अभ्यास के दौरान पुलिस, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और चिकित्सा विभाग की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। आपातकालीन वाहनों की आवाजाही, बचाव कार्यों और चिकित्सा सहायता की व्यवस्थाओं को परखा गया। इसका उद्देश्य वास्तविक आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना और विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना रहा।
साल में दो बार होती है मॉक ड्रिल
मौके पर मौजूद उपखंड अधिकारी प्रमोद सिरवी ने बताया कि प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने के लिए प्रशासन की ओर से वर्ष में दो बार इस तरह की मॉक ड्रिल आयोजित की जाती है। इनके माध्यम से उपलब्ध संसाधनों, बचाव दलों की कार्यक्षमता और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रतिक्रिया समय का आकलन किया जाता है।
इस अभ्यास के जरिए प्रशासन ने यह परखने का प्रयास किया कि किसी वास्तविक आपदा के दौरान सभी संबंधित विभाग कितनी तत्परता और आपसी तालमेल के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दे सकते हैं।
भीलवाड़ा लाइव अपडेट



