📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

कोटड़ी में BJP की बैठक में नहीं बन पाई सहमति: सरपंच के 10 और CR के लिए 9 दावेदार आए सामने, MLA गोपीचंद मीणा बोले— 'जनरल सीट पर प्राथमिकता जनरल की, दो दिन चलेगा सर्वे'

WhatsAppFacebookXTelegram

कोटड़ी।

कोटड़ी में पंचायती राज चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की अहम बैठक हंगामेदार और असमंजस भरी रही। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बावजूद सरपंच और सीआर (पंचायत समिति सदस्य) पद के लिए समर्थित प्रत्याशी के नाम पर अंतिम मुहर नहीं लग सकी। सरपंच पद के लिए 10 और सीआर पद के लिए 9 दावेदारों ने अपनी ताल ठोक दी है। दोनों सीटें सामान्य (जनरल) होने के बावजूद ओबीसी वर्ग से भी कई दावेदार सामने आए, जिससे पेंच और उलझ गया।

स्थिति को देखते हुए जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा ने साफ किया कि पार्टी जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं करेगी। अब आगामी दो दिनों तक क्षेत्र में गोपनीय सर्वे कराया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर ही अंतिम प्रत्याशी तय होगा।

विधायक बोले— 'जनरल सीट पर जनरल की प्राथमिकता, शाहपुरा वाली गलती नहीं दोहराएंगे'

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक गोपीचंद मीणा ने कड़े और स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रत्याशी वही होगा जिसकी समाज में साफ-सुथरी छवि हो और जिसे जनता का व्यापक समर्थन हासिल हो।

उन्होंने शाहपुरा के हालिया घटनाक्रम का उदाहरण देते हुए कहा, "मैं खुद जनरल सीट से लड़ता हूं, जहाजपुर का माहौल अलग है। लेकिन जो माहौल जहाजपुर में रहा, वह शाहपुरा में नहीं बन सका और पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। इसलिए सामान्य सीट पर सबसे पहली प्राथमिकता सामान्य वर्ग को ही दी जाएगी। वही व्यक्ति प्रत्याशी बनेगा जिसका जनता और समाज से सीधा जुड़ाव हो।"

निवर्तमान प्रधान ने दी एकजुटता की नसीहत

निवर्तमान प्रधान करण सिंह बैलवा ने सभी दावेदारों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी जिस किसी के नाम पर भी अंतिम मुहर लगाए, सभी उसे स्वीकार करें। उन्होंने कहा कि चुनावी मैदान में आपसी फूट से बचना होगा और सबको एक साथ मिलकर काम करना होगा।

प्रमुख दावेदारों की सूची

 सरपंच पद के दावेदार: निर्मल लोढ़ा, सुदर्शन पाल डागा, नवदीप सिंह शक्तावत, जितेंद्र सेठी, ओमप्रकाश माली, लारा तेली सहित अन्य।

 सीआर पद के दावेदार: अनिल लोढ़ा, राजेंद्र तेली, प्रहलाद सेन, श्री कल्याण आचार्य, राजेश आचार्य, सौरभ पारीक, विपिन जैन, भगवान सिंह कानावत सहित अन्य।

बैठक में ये प्रमुख चेहरे रहे मौजूद

बैठक में जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, निवर्तमान प्रधान करण सिंह बैलवा, मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन, वरिष्ठ नेता व पूर्व सरपंच धर्मचंद जीनगर, जहाजपुर के निवर्तमान प्रधान, श्री कल्याण आचार्य, राघव आचार्य सहित कई पूर्व सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि और सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। अब सभी की निगाहें दो दिन बाद आने वाले सर्वे के नतीजों पर टिकी हैं।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: