

कोटड़ी।
पंचायत समिति परिसर कोटड़ी में बना सामुदायिक शौचालय इन दिनों व्यवस्थाओं की बदहाली और प्रशासनिक अनदेखी का जीवंत उदाहरण बना हुआ है। 'स्वच्छ भारत अभियान' के तहत लाखों रुपए खर्च कर बनाए गए इस शौचालय की सुध लेने वाला कोई नहीं है। आलम यह है कि बाहर से लेकर भीतर तक फैली भीषण गंदगी के चलते यह परिसर आमजन के उपयोग लायक नहीं रह गया है।
भीतर कदम रखना दूभर, शौच सीट में कचरा और बोतलें
शौचालय के बाहर गंदगी और कचरे का ढेर लगा है, तो अंदर की स्थिति और भी बदतर है। शौचालय की शौच सीटों में प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन और अन्य कचरा फंसा हुआ है, जिसमे टंकियों में पानी भी नहीं टिकता क्युकी नल टूटे हुए है । फर्श पर गुटखे और तंबाकू की पीक की लालिमा फैली हुई है। पूरी सीट पीक से रंगी पड़ी हैं, जिससे वहां उठ रही तीव्र दुर्गंध के कारण पलभर भी खड़ा रहना असंभव हो जाता है।
कर्मचारियों और ग्रामीणों में भारी रोष
पंचायत समिति परिसर में प्रतिदिन दर्जनों गांवों से सैकड़ों ग्रामीण अपने जरूरी सरकारी कार्यों के सिलसिले में आते हैं। इसके अलावा परिसर में कार्यरत कर्मचारियों और आगंतुकों को शौच अथवा लघुशंका के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा फजीहत महिलाओं को झेलनी पड़ती है, जिन्हें इस बदहाली के चलते निराश लौटना पड़ता है।
लापरवाही का यह आलम सीधे तौर पर संबंधित सफाई व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता को उजागर करता है। ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से मांग की है कि परिसर में फैले इस उपद्रव और गंदगी की तत्काल सफाई कराई जाए तथा नियमित रखरखाव की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।


