📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

, ,

SMS अस्पताल की इमरजेंसी में बड़ा बदलाव, अब 24 घंटे मिलेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर; मरीजों को नहीं लगाने पड़ेंगे विभागों के चक्कर

WhatsAppFacebookXTelegram

मेडिसिन, हड्डी, सर्जरी और एनेस्थीसिया के चार-चार सीनियर रेजीडेंट की रोटेशन से लगेगी ड्यूटी, आंख और ईएनटी के डॉक्टर रहेंगे 24 घंटे ऑन कॉल

जयपुर। सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल की इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर में इलाज की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अस्पताल प्रशासन ने महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब इमरजेंसी में मरीजों को अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने और विशेषज्ञ डॉक्टरों के इंतजार में परेशान नहीं होना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नई ड्यूटी व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।

नई व्यवस्था के तहत मेडिसिन, अस्थि रोग (ऑर्थोपेडिक), सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग के चार-चार सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों की रोटेशन के आधार पर ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं, नेत्र रोग और नाक-कान-गला (ईएनटी) विभाग के वरिष्ठ डॉक्टर 24 घंटे ऑन कॉल उपलब्ध रहेंगे।

प्रिंसिपल ने विभागाध्यक्षों को जारी किए निर्देश

अस्पताल के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने इस संबंध में संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों को पत्र जारी कर नई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार चार प्रमुख विभागों के एचओडी को चार-चार सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर लगाने को कहा गया है, ताकि इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर में जरूरत के समय विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

नेत्र रोग और ईएनटी विभाग को भी 24 घंटे ऑन कॉल सीनियर डॉक्टर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

दीपावली की व्यवस्था से मिला सकारात्मक अनुभव

दीपावली के दौरान SMS अस्पताल में विशेष चिकित्सकीय व्यवस्था की गई थी। इस दौरान मरीजों को बेहतर सुविधा मिलने के अनुभव के बाद अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने इस व्यवस्था को सामान्य दिनों में भी जारी रखने का सुझाव दिया। इसके बाद प्रिंसिपल ने नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश जारी किए।

गौरतलब है कि अभी तक इमरजेंसी में मेडिसिन विभाग के डॉक्टर नियमित रूप से ड्यूटी देते थे, जबकि सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग के चिकित्सक मुख्य रूप से ऑन कॉल रहते थे। ऐसे में विशेषज्ञ डॉक्टर तत्काल उपलब्ध नहीं होने पर मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।

आंख, कान और गले के मरीजों को मिलेगी राहत

इमरजेंसी में कई बार आंख, नाक, कान और गले से संबंधित गंभीर समस्या वाले मरीज पहुंचते हैं। वर्तमान व्यवस्था में ऐसे मरीजों को कई बार इमरजेंसी से चरक भवन स्थित संबंधित विभाग में भेजना पड़ता था। वहां सीनियर रेजीडेंट डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने पर मरीजों को इंतजार करना पड़ता था।

नई ऑन कॉल व्यवस्था से जरूरत पड़ने पर संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टर को तत्काल बुलाया जा सकेगा और मरीजों को इमरजेंसी में ही उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

ट्रॉमा के मरीजों के इलाज में भी आएगी तेजी

सड़क हादसों और अन्य दुर्घटनाओं में घायल होकर आने वाले मरीजों को भी नई व्यवस्था का लाभ मिलेगा। खासकर ओपीडी समय के बाद आंख, नाक, कान और गले में चोट लगने वाले मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों के इंतजार में परेशानी होती थी। नई व्यवस्था से ऐसे मामलों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बेहतर होगी और जरूरत पड़ने पर ऑपरेशन सहित अन्य उपचार में होने वाली देरी कम करने में मदद मिलेगी।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: