
रायला फाटक और रेलवे पुलिया के बीच हुआ हादसा, हाथ पर गुदे नाम से हुई पहचान; आत्महत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस
रायला | भीलवाड़ा लाइव अपडेट
भीलवाड़ा जिले के रायला थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक रेल हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। भीलवाड़ा-अजमेर रेल मार्ग पर रायला फाटक और रेलवे पुलिया के बीच बुजुर्ग ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनका शव कई टुकड़ों में बंटकर रेलवे ट्रैक पर बिखर गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के टुकड़ों को एकत्रित कर गठरी में बंधवाया और रायला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया।
रायला थाने के एएसआई श्याम सुंदर के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के ट्रेन से कटने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव की हालत बेहद क्षत-विक्षत होने के कारण चेहरे से पहचान करना संभव नहीं था। इसके बाद पुलिस ने मृतक के हाथ पर गुदे ‘रमेश’ नाम के आधार पर आसपास जानकारी जुटाई।
बाद में मृतक की पहचान छीपों का मोहल्ला, रायला निवासी रमेश (60) पुत्र कल्याणमल टेलर के रूप में हुई। उनके भतीजे गोपाल लाल ने भी मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रायला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
लोको पायलट ने स्टेशन मास्टर को दी सूचना
जानकारी के अनुसार, अजमेर से भीलवाड़ा की ओर आ रही ट्रेन के लोको पायलट ने हादसे की सूचना स्टेशन मास्टर को दी थी। लोको पायलट के मुताबिक, ट्रेन के पहुंचने से ठीक पहले बुजुर्ग रेलवे ट्रैक पर आकर बैठ गए थे। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गए।
आत्महत्या या हादसा, जांच जारी
फिलहाल बुजुर्ग रेलवे ट्रैक पर किन परिस्थितियों में पहुंचे, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। उन्होंने आत्महत्या की या अनजाने में ट्रेन की चपेट में आए, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के प्रत्येक पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
फाइल फोटो: मृतक रमेश टेलर।



